— दीपक कुमार, संवाददाता
देहरादून/हरिपुर कलां (उत्तराखंड)। हरिद्वार–देहरादून हाईवे पर स्थित फ्लाईओवर के ऊपर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार से पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से 20 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच यह दुर्घटना हरिपुर कलां फ्लाईओवर, थाना रायवाला क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि एक ट्रैक्टर चालक का बस चालक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया गया, जिससे पीछे से आ रहे वाहन एक के बाद एक टकराते चले गए।
हादसे के दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। टक्कर के बाद एक सीएनजी कार में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
हादसे में एक महिला की ट्रक के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
