के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रामानुज कनौजिया ने बताया कि सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खलीलाबाद में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी द्वारा एवं अधीक्षक, सामु0 स्वा0 केन्द्र द्वारा एच0पी0वी0 वैक्सीनेशन (सर्वाइकल कैंसर) का टीकाकरण कराकर जनपद में शुभारम्भ किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि उक्त वैक्सीन गार्डासिल 4 का टीकाकरण 14 से 15 वर्ष की समस्त किशोरियों को लगाया जाना है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं का दूसरा सबसे आम कैंसर है। महिलाओं में 99.7 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर का कारण एच0पी0वी0 का संक्रमण है।
उन्होंने बताया कि एन0सी0आर0पी0-आई0 सी0एम0आर0 के अनुसार वर्ष 2024 में भारत में लगभग 78000 नये मामले दर्ज किये गये जिसमें से 42000 की मौत दर्ज की गयी। यह वायरस जननांगों के द्वारा फैलता है। अब तक विश्व के 165 से अधिक देशों में लगभग 50 करोड़ से अधिक टीके सफलता पूर्वक लगाये जा चुके हैं।
उक्त वैक्सीन का टीकाकरण जनपद के सामु0 स्वा0 केन्द्र खलीलाबाद में प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार को निःशुल्क लगाया जा रहा है।
इस अवसर पर सामु0 स्वा0 केन्द्र खलीलाबाद के समस्त चिकित्साधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ आदि उपस्थित रहे।
