
•ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, गलियों में भीड़, सड़कों पर गाड़ियां छोड़ पैदल निकल रहे लोग
प्रयागराज। महाकुंभ जैसे-जैसे समापन की ओर अग्रसर होता जा रहा है वैसे-वैसे भीड़ बढ़ती जा रही है। महाकुंभ का शनिवार को 27 वां दिन है। आज एकादशी होने की वजह से संगम पर श्रद्धालुओं की भीड़ है।
प्रयागराज, वाराणसी, प्रतापगढ़ और नैनी से आने वाली सड़क पर 4-4 किलोमीटर का जाम लगा है। शहर में भी जगह-जगह जाम की स्थिति है। संगम पर श्रद्धालुओं को रुकने नहीं दिया जा रहा है। संगम जाने वाले रास्ते पर भारी भीड़ है।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था खराब हो गई है। मुख्य सड़कों के साथ शहर की गलियां भी जाम हो गई हैं। महाकुंभ में वीकेंड भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र के पुलो पर प्रतिबंध लागू किया गया। निर्धारित पुलो के जरिए लोगों को आने और जाने की व्यवस्था की गई है।
अखाड़ा की तरफ जाने के लिए पुल नंबर 13 को खोला गया है। जबकि अखाड़ा से संगम की तरफ आने के लिए 8-9 को खोला गया है। शास्त्री ब्रिज पर 4 किलोमीटर का जाम लगा हुआ है। उसकी वजह ये है कि दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालु अपनी गाड़ियां ब्रिज के ऊपर ही छोड़कर नहाने चले गए हैं। इस वजह से ब्रिज की सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और जाम लग रहा है। नैनी में रीवा रोड 4 किलो मीटर तक जाम लगा है। एग्रीकल्चर की पार्किंग फुल हो गई है।
वाहनों की प्रयागराज शहर में एंट्री हो रही है। महाकुंभ से अखाड़े वापस जाने लगे हैं। इसके लिए नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। कल्पवासी भी घर लौटने लगे हैं। इसके लिए प्रशासन मेला क्षेत्र में वाहनों की एंट्री देगा। 8 फरवरी की रात 8 बजे से 9 फरवरी की सुबह 4 बजे तक वाहनों को एंट्री मिलेगी।
सिविल लाइन स्थित धरना स्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। लोग मेला क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं। पुलिस कर्मी महाकुंभ क्षेत्र में पुल से नदी पार करने की जानकारी दे रहे हैं। मेला में भीड़ का भारी दबाव बना है।