14 व 15 मार्च की भर्ती परीक्षा के लिए रेलवे ने अनारक्षित परीक्षा स्पेशल गाड़ियों की दी सुविधा।
•छपरा–प्रयागराज रामबाग, आजमगढ़–गोरखपुर और गोरखपुर–बलिया रूट पर परीक्षा स्पेशल।
•सभी ट्रेनों में अनारक्षित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगेशाहगंज–बलिया सवारी ट्रेन 60 मिनट रि-शेड्यूल।
•मऊ–प्रयागराज, प्रयागराज–मऊ और दोहरीघाट–मऊ ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
गोरखपुर। उप निरीक्षक, नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए 14 और 15 मार्च 2026 को होने वाली ऑफलाइन लिखित परीक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कई अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग के अनुसार इन ट्रेनों में अनारक्षित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे ताकि परीक्षार्थियों को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रेलवे के अनुसार 05179 छपरा–प्रयागराज रामबाग अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 13 और 14 मार्च 2026 को छपरा से शाम 6.30 बजे रवाना होकर बलिया से 7.40 बजे, गाजीपुर सिटी से 9.25 बजे, वाराणसी जंक्शन से 11.05 बजे, बनारस से 11.25 बजे और अगले दिन ज्ञानपुर रोड से 12.45 बजे चलकर प्रयागराज रामबाग 2.30 बजे पहुंचेगी।
इसके वापसी में 05180 प्रयागराज रामबाग–छपरा विशेष ट्रेन 14 मार्च को प्रयागराज रामबाग से सुबह 9.45 बजे चलकर ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी जंक्शन, गाजीपुर सिटी और बलिया होते हुए शाम 5.45 बजे छपरा पहुंचेगी। वहीं 15 मार्च को यही ट्रेन शाम 6.25 बजे प्रयागराज रामबाग से चलकर अगले दिन सुबह 3.50 बजे छपरा पहुंचेगी।
इसी क्रम में 05192 आजमगढ़–गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 13, 14 और 15 मार्च को आजमगढ़ से दोपहर 2 बजे चलकर मऊ, भटनी और देवरिया सदर होते हुए शाम 6.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 05191 गोरखपुर–आजमगढ़ विशेष ट्रेन इन्हीं तिथियों पर गोरखपुर से रात 8 बजे रवाना होकर देवरिया सदर, भटनी और मऊ के रास्ते अगले दिन 12.30 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी।
इसके अलावा 05185 गोरखपुर–बलिया अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन 13, 14 और 15 मार्च को गोरखपुर से रात 8.30 बजे प्रस्थान कर देवरिया सदर, भटनी और मऊ होते हुए अगले दिन सुबह 2.30 बजे बलिया पहुंचेगी।
रेलवे ने बताया कि शाहगंज से 14 और 15 मार्च को चलने वाली 55134 शाहगंज–बलिया सवारी गाड़ी अपने निर्धारित समय 3.20 बजे के बजाय 60 मिनट विलंब से शाम 4.20 बजे चलाई जाएगी।
परीक्षा को देखते हुए कुछ अन्य ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा। 65131 मऊ–प्रयागराज रामबाग सवारी गाड़ी 14 मार्च को, 65132 प्रयागराज रामबाग–मऊ सवारी गाड़ी 15 मार्च को तथा 65133/65134 दोहरीघाट–मऊ–दोहरीघाट सवारी गाड़ी 15 मार्च को संचालित की जाएगी।
