के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। गंगा देवी कपिल देव तिवारी पी.जी. कॉलेज, भुजैनी (संत कबीर नगर) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत सप्त दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। इस विशेष शिविर के लिए पोषित ग्राम डडवा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय को चयनित किया गया है।



कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संध्या तिवारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।
स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए श्रीमती तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना ऐसा मंच है, जिसके माध्यम से युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र सेवा से जोड़ने का अवसर मिलता है। यह कार्यक्रम स्वयंसेवकों को सामुदायिक सेवा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को छात्र जीवन से ही समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलता है, जिससे उनमें समाज सेवा और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित होती है।
राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वामी विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने एनएसएस के उद्देश्य और गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए पाठ्यक्रम के अतिरिक्त सामुदायिक सेवा में उनकी भागीदारी बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक स्वयंसेवक को एक शैक्षणिक वर्ष में 120 घंटे की सामाजिक सेवा पूर्ण करनी होती है।
कार्यक्रम के अंत में सरदार वल्लभभाई पटेल इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीत गोंड ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भोजनावकाश के बाद आयोजित द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान विभिन्न नारों, स्लोगनों और पोस्टरों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया तथा आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई अभियान भी चलाया।
