•नव निर्माण के 9 वर्ष कार्यक्रम के तहत डीपीआरसी भवन में दिखी नवाचारों की झलक।
केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। केंद्र सरकार के 11 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘नव निर्माण के 09 वर्ष’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकास भवन परिसर स्थित डीपीआरसी हॉल में नौ दिवसीय प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के नौवें दिन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जिला विज्ञान क्लब द्वारा किसानों, मजदूरों, शिल्पकारों, मैकेनिकों एवं असंगठित क्षेत्र के लोगों के लिए नव प्रवर्तन प्रदर्शनी आयोजित की गई।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, नगर अध्यक्ष भाजपा कन्हैयालाल वर्मा सहित अन्य अतिथियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कुल 25 नवप्रवर्तकों ने अपने नवाचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में वुड क्राफ्ट के लिए इसरार अहमद को प्रथम पुरस्कार (₹8000), हैंड क्राफ्ट के लिए गौसिया खातून को द्वितीय पुरस्कार (₹5000) तथा जानवरों हेतु झटका मशीन के लिए उमेश मौर्य को तृतीय पुरस्कार (₹3000) प्रदान किया गया। इसके अलावा लक्ष्मी वर्मा, श्रवण कुमार प्रजापति, रीता देवी, जन्नतुनिशा और दीनबंधु त्रिपाठी को सांत्वना पुरस्कार (₹2000) देकर सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में नवाचारों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से असंगठित क्षेत्र के किसानों और महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है। वहीं उपायुक्त उद्योग ने सीएम युवा ऐप एवं स्टार्टअप योजनाओं की जानकारी देकर नवप्रवर्तकों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वैज्ञानिकों डॉ. प्रकाश चंद्र, डॉ. तरुण कुमार एवं अजीत कुमार त्रिपाठी ने उन्नत कृषि, मत्स्य पालन एवं वानिकी के विषय में जानकारी दी। साथ ही महेश मौर्या एंड पार्टी द्वारा लोकगीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ एवं डॉ. नीतू यादव ने अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ओंकारनाथ मिश्रा ने किया। इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
