•सोशल मीडिया की खबरों से बढ़ी भीड़, अब सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य।
बस्ती। पिछले दो दिनों से जनपद के पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भारी भीड़ और ईंधन की कमी की आशंकाओं को लेकर पेट्रोलियम एसोसिएशन बस्ती के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों में न आएं, जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है।
अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अयोध्या में भारत पेट्रोलियम के कुछ पंपों पर ईंधन खत्म होने की खबर सोशल मीडिया पर फैल गई, जिससे पैनिक (Panic) की स्थिति पैदा हुई। इसका असर पहले बस्ती के सीमावर्ती पंपों पर दिखा और धीरे-धीरे पूरे जिले में लोग घबराकर जरूरत से ज्यादा तेल भरवाने लगे।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में सभी पंपों पर तेल की सप्लाई सामान्य हो चुकी है। तेल कंपनियों और जिला प्रशासन के सहयोग से पेट्रोलियम की आपूर्ति निरंतर जारी है।
श्री सिंह ने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, “तेल की कोई कमी नहीं है, बल्कि पहले की तुलना में अधिक आपूर्ति प्राप्त हो रही है। लोग केवल अपनी आवश्यकता अनुसार ही तेल लें और अफवाहों से बचें।”
प्रशासन और पेट्रोलियम एसोसिएशन स्थिति पर पूरी नज़र बनाए हुए हैं ताकि आम जनता को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
