बस्ती। जनपद के रुधौली क्षेत्र स्थित करमहिया गांव में जय माता रानी श्रीमती इन्द्रावती इंटर कॉलेज एवं जे.एम.आर. एकेडमी का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।



इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, जिनमें पत्रकार संतोष सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे, ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसमें दिलबहर, सौरभ, प्रियांश, अनुज, ऋषभ, ऋतिक और शिवम ने आकर्षक प्रस्तुति दी। इसके पश्चात नशा मुक्ति पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें अस्तित्व, अरविंद, अरुण, प्रिंस, राजकुमार, कृष्ण कन्हैया एवं ज्योति के अभिनय को खूब सराहा गया।
हरियाणवी लोक नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें कल्याणी, गौरी, अर्चना, रंजना, जानवी, अमृता, सौम्या, प्रियांशी, प्रज्ञा, आंचल, अंशिका और रागिनी ने शानदार प्रस्तुति दी। वहीं देशभक्ति नृत्य में मुबश्शरीन, मुस्लिमा, राशिदा, उजमा, सादिया, साजिदा, सकीरा और काजल शुक्ला ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में “वृद्धाश्रम” विषय पर शिवानी पांडेय और अस्तित्व की भावनात्मक प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर पढ़ाई, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रबंधक प्रियंका आर्या एवं प्रधानाचार्य राज आर्या ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकगण—शशि द्विवेदी, रीना शुक्ला, सरिता भारती, धनोत्री श्रीवास्तव, दीप्ति तिवारी, शशि गौतम, डब्लू आर्या, हरिश्चंद्र उपाध्याय, सिनोद शर्मा, अनिल, जावेद एवं अवधेश—का सराहनीय योगदान रहा। वहीं ट्रेनर अश्वनी राज के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।
