बस्ती। जनपद के रूधौली थाना क्षेत्र के मल्हवार गांव की निवासी मरियम पत्नी सलमान अहमद ने कुछ लोगों पर मारपीट करने और मुकदमा दर्ज होने के बाद लगातार जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता मरियम ने रूधौली थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 28 मार्च को उनके घर पर स्थित किराना दुकान पर उनकी मां मजीबुन्निशा पत्नी अजीर्जुरहमान बैठी थीं। इसी दौरान इस्लाम नामक व्यक्ति वहां आए, जिनसे खेत में हुई सरसों की फसल को लेकर बातचीत हो रही थी।
इसी बीच हमीदुल्लाह पुत्र अब्दुल्लाह, वसीउल्लाह पुत्र अब्दुल्लाह, तसरिफून पुत्री अब्दुल्लाह और सबाना पुत्री हमीदुल्लाह समेत अन्य लोग अचानक वहां पहुंच गए और कथित रूप से ईंट-पत्थर व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाव के लिए मरियम की बहन जबेरिया दौड़कर पहुंची, इसके बाद मरियम भी मौके पर पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की।
घटना में मरियम और उनकी मां को गंभीर चोटें आईं, जिसमें उनकी मां का सिर फट गया और काफी खून बहा। पीड़िता का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
मरियम ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
