•एसपी डॉ. यशवीर सिंह के आदेश पर निरीक्षक से लेकर आरक्षी तक के कार्यक्षेत्र बदले, कई थानों में नई तैनाती।
बस्ती। जनपद बस्ती में पुलिस विभाग के भीतर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के आदेश पर जारी तबादला सूची से महकमे में हलचल तेज हो गई है। इस बदलाव के तहत 7 निरीक्षक, 8 उपनिरीक्षक, 6 मुख्य आरक्षी और 2 आरक्षियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया के के साहू को रीट सेल का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, एसपी कार्यालय में पीआरओ के पद पर तैनात अजय कुमार यादव को थानाध्यक्ष पैकोलिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक शशांक शेखर राय को रीट सेल से हटाकर एसपी का पीआरओ बनाया गया है, जबकि निरीक्षक संजय कुमार को चुनाव सेल से पीआरओ एसपी नियुक्त किया गया है।
थानाध्यक्ष वाल्टरगंज शशांक कुमार सिंह को पुलिस कार्यालय भेजा गया है और उनकी जगह निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह को नया थानाध्यक्ष वाल्टरगंज बनाया गया है।
उपनिरीक्षकों में भी व्यापक बदलाव देखने को मिला है। उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव को हर्रैया से छावनी भेजा गया है, जबकि उपनिरीक्षक संजय कुमार को छावनी से वाल्टरगंज स्थानांतरित किया गया है। वीरेंद्र कुमार कुंवर को दक्षिण दरवाजा चौकी से टिनिच चौकी, राधिकारमण को छावनी से सोनूपार चौकी (कोतवाली) तथा जयशंकर पांडेय को सोनहा से दक्षिण दरवाजा चौकी (थाना पुरानी बस्ती) भेजा गया है। उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह को परसरामपुर से अपराध शाखा में तैनाती दी गई है।
मुख्य आरक्षियों में पंकज सिंह को पुलिस लाइन से कोतवाली भेजा गया है। वहीं, सत्येंद्र गुप्ता, राघवेंद्र दुबे, सुनील कुमार, धीरेंद्र यादव और सुनील यादव को विभिन्न थानों से पुलिस लाइन भेजा गया है।
आरक्षियों में दीपक कुमार को वाल्टरगंज से हर्रैया थाना, मनोज कुमार को पुलिस लाइन से रुधौली थाना और महिला आरक्षी सुमन यादव को लालगंज से कोतवाली स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा कांस्टेबल लवकुश सिंह को मौखिक आदेश पर परसरामपुर से वापस पुलिस लाइन बुलाया गया है।
एक साथ बड़ी संख्या में हुए इन तबादलों को प्रशासनिक कसावट और व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


