•सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी शाम।
बस्ती। कप्तानगंज स्थित रामधनी सिंह नोहरा देवी राजकीय महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2024-25 के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।


स्नातक कला संकाय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर बालिका वर्ग में मनीषा मौर्य तथा बालक वर्ग में सचिन यादव को पुरस्कृत किया गया। सड़क सुरक्षा क्लब प्रतियोगिता में अनामिका, प्रमोद और अंशिका ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। गृह विज्ञान प्रश्नोत्तरी में रोशनी यादव, कंचन और चांदनी तथा मिशन शक्ति निबंध प्रतियोगिता में शिवा मौर्य, जान्हवी शर्मा और श्रेया दुबे को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. आर्येन्दु द्विवेदी, रीना जायसवाल एवं अन्य प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, गणेश वंदना तथा राधा-कृष्ण नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को आकर्षक बना दिया।
मुख्य अतिथि रीना जायसवाल ने छात्रों को अनुशासन, समय के सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व बताया। वहीं प्राचार्य डॉ. आर्येन्दु द्विवेदी ने विद्यार्थियों को मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए खेलकूद व शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनिल सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
