लखनऊ। शहर में बिना अनुमति और अनुज्ञा शुल्क जमा किए लगाए गए विज्ञापन पटों के विरुद्ध नगर निगम ने गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार एवं अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर की गई।
अभियान का संचालन प्रभारी अधिकारी (प्रचार) विनीत सिंह के निर्देशन में तथा कर अधीक्षक (प्रचार) ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में किया गया। निरीक्षक और सुपरवाइजर भी कार्रवाई के दौरान मौजूद रहे।
नगर निगम की टीम ने विभिन्न प्रमुख स्थलों पर अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स और विज्ञापन पटों को हटाया। सबसे पहले हजरतगंज क्षेत्र में दर्पण एडवरटाइजिंग द्वारा लगाए गए अवैध विज्ञापन पट हटाए गए। इसके बाद सप्रू मार्ग पर बेस्ट साल्व कंपनी के विज्ञापनों को हटाया गया।
वहीं टेढ़ी पुलिया (रिंग रोड) क्षेत्र में सेठ एडवरटाइजिंग के अवैध होर्डिंग्स हटाए गए।अभियान के तहत खुर्रम नगर (रिंग रोड) क्षेत्र में समीर एडवरटाइजिंग एवं रिजल्ट एडवरटाइजिंग द्वारा लगाए गए विज्ञापन पटों को भी हटाया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति और अनुज्ञा शुल्क के विज्ञापन लगाना नियमों का उल्लंघन है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम ने केवल अवैध विज्ञापन हटाने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि संबंधित एजेंसियों से बकाया अनुज्ञा शुल्क की वसूली भी की। विभिन्न एजेंसियों से कुल 62,93,254 रुपये की धनराशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई।
अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि यदि आगे भी किसी एजेंसी द्वारा बिना अनुमति विज्ञापन पट लगाए जाते पाए गए तो उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। नगर निगम ने सभी विज्ञापन एजेंसियों से नियमानुसार अनुज्ञा शुल्क जमा कर ही विज्ञापन प्रदर्शित करने की अपील की है, ताकि शहर की सौंदर्यता और राजस्व व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
