रिपोर्ट: दीपक कुमार।
देहरादून (उत्तराखंड)। बसंत विहार क्षेत्र से लापता 28 वर्षीय युवक की उसके ही चार दोस्तों ने नशे में हुए विवाद के बाद बेसबॉल बैट से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी टैक्सी बुक कर शव को हरिद्वार ले गए और चिड़ियापुर क्षेत्र में रेत में दबाकर फरार हो गए। पुलिस ने शव बरामद कर टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चारों मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार शास्त्री नगर निवासी संतराम धीमान ने 11 फरवरी को बसंत विहार थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा दिगंबर धीमान (28) 9 फरवरी को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि दिगंबर के खिलाफ बसंत विहार थाने में पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है और 9 फरवरी को उसकी न्यायालय में पेशी थी। पेशी के बाद उसने अपने पिता को घर जाने के लिए कहा और स्वयं कुछ देर में आने की बात कही थी। इसके बाद वह लापता हो गया।
पुलिस ने दिगंबर के मोबाइल की कॉल डिटेल (सीडीआर) खंगाली तो पता चला कि उसके कुछ करीबी दोस्त भी उसी समय से घरों से गायब थे। जानकारी में आया कि सभी दोस्त अक्सर साथ बैठकर नशा करते थे। जांच के दौरान रेसकोर्स स्थित सी-ब्लॉक के एक कमरे से टैक्सी द्वारा साथ निकलने की जानकारी मिली। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जिसके आधार पर पुलिस ने टैक्सी का पता लगाया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि नशे के दौरान हुए विवाद में दोस्तों ने दिगंबर पर बेसबॉल बैट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए हरिद्वार ले जाकर रेत में दबा दिया। पुलिस ने चिड़ियापुर क्षेत्र से शव बरामद कर लिया है।
मामले में टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।
