बस्ती। विकास भवन में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने उनके जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला।
मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि हमें डॉ. अम्बेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी लोगों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा एवं उसके मूल्यों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी अजय सिंह, डीपीआरओ घनश्याम सागर सहित विकास भवन के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
