रिपोर्ट: अभिनव अग्रवाल।
नजीबाबाद। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ओम श्री महाकाल सेवा ट्रस्ट (रजि.) द्वारा तीन दिवसीय भंडारे का आयोजन किया गया। यह भंडारा एचडीएफसी बैंक के सामने स्थित धन वर्षा कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जा रहा है। ट्रस्ट द्वारा पिछले छह वर्षों से निरंतर इस प्रकार के भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नगरवासी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और धर्म लाभ प्राप्त करते हैं।




महाशिवरात्रि के अवसर पर दूर-दूर से शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ में जल भरकर नजीबाबाद के मुख्य मार्ग से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर के विभिन्न समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जाता है, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रा को लेकर गंभीर नजर आ रही है। शासन द्वारा प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ चप्पे-चप्पे पर तैनात दिखाई देता है, जिससे शिवभक्त स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ट्रस्ट द्वारा श्रद्धापूर्वक भंडारे का आयोजन किया गया है। भंडारे के प्रथम दिन शिवभक्तों को कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। संध्या काल में पोहा, चाय और पकौड़ी की भी समुचित व्यवस्था की गई। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और शिवभक्तों को प्रसाद वितरण कर पुण्य अर्जित किया।
तीन दिवसीय इस भंडारे में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से भंडारे में सम्मिलित होकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
