Oplus_131072
•पिंक रोजगार महाकुंभ में 5000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के ऑफर, 94 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र; संत कबीर नगर में भी आयोजित हुआ भव्य कार्यक्रम, उत्कृष्ट बालिकाओं व महिलाओं को किया गया सम्मानित।
— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मा० योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित जुपिटर ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ‘रोजगार संगम पोर्टल’ के मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित पिंक रोजगार महाकुंभ 2026 में 5,000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के ऑफर प्रदान किए गए तथा 94 नव-नियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

इसके साथ ही उत्कृष्ट महिला कार्मिकों, मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया गया तथा नारी शक्ति अवॉर्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को चेक वितरित किए गए और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीमा प्रीमियम तथा साड़ी/वर्दी हेतु कुल 3,849 लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी महिलाओं एवं बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि जब परिवार की महिला सशक्त होती है तो वह केवल स्वयं को ही नहीं बल्कि पूरे समाज को नई दिशा देती है। उन्होंने सभी से नारी के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
संत कबीर नगर में भी हुआ भव्य आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद संत कबीर नगर में जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती जनक नंदिनी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
खेल प्रतियोगिता में बालिकाओं ने दिखाया दम
‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा मान्यवर काशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 60 बालिकाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्या श्रीमती जनक नंदिनी ने खो-खो, कबड्डी, रस्सी कूद और एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
उन्होंने जनपद की सभी महिलाओं एवं बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव समाज में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा से लेकर विकास के हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं।
कार्यक्रम में रहे ये लोग मौजूद
इस अवसर पर निषाद पार्टी की महिला अध्यक्ष सरिता निषाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, महिला कल्याण अधिकारी मोनिका शुक्ला, स्पोर्ट्स अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, समूह की महिलाएं, शिक्षकगण, गैरसरकारी संगठन सर्व हितकारी की महिलाएं तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
