•तीन वर्षों से निरंतर निराश्रित व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को तीर्थ स्नान का अवसर।
— के. के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। सनातन धर्म के महान पर्व मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत चांदीडीहा, विकासखंड बघौली के ग्राम प्रधान धीरेंद्र चौधरी द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। उन्होंने ग्राम पंचायत के श्रद्धालुओं एवं स्नानार्थियों को निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराते हुए तीर्थराज प्रयागराज (इलाहाबाद) में संगम स्नान हेतु रवाना किया।
ग्राम प्रधान द्वारा अपने निजी खर्च एवं किराया-भाड़ा वहन करते हुए सैकड़ों श्रद्धालुओं को मौनी अमावस्या के मेले में संगम स्नान के लिए बसों से भेजा गया। बस को पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर रवाना किया गया, जिसमें ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान धीरेंद्र चौधरी ने कहा- “धार्मिक कार्यों में मेरा विशेष लगाव रहता है। लोगों की सेवा करना ही मेरा पुनीत कर्तव्य है। पिछले तीन वर्षों से निरंतर मैं अपने ग्राम पंचायत के ऐसे निराश्रित व आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए तीर्थ स्नान की व्यवस्था करता आ रहा हूं, जो आर्थिक अभाव के कारण प्रयागराज या अयोध्या धाम जाकर गंगा, यमुना, सरस्वती एवं सरयू स्नान नहीं कर पाते। ईश्वर की कृपा से इस कार्य में मुझे आत्मिक सुख और शांति मिलती है।”
ग्राम प्रधान की इस पहल की ग्रामीणों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई और इसे सामाजिक एवं धार्मिक सेवा का उत्तम उदाहरण बताया गया।
