•झांकियों, भक्ति गीतों और उत्साह के बीच निकली शोभायात्रा, श्रीराम के आदर्शों का दिया गया संदेश।
मथुरा: राम नवमी के पावन अवसर पर श्रीराम जन्म महोत्सव समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को घीया मंडी स्थित प्राचीन राम मंदिर से भव्य श्रीराम शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ मोहिनी शरण महाराज, रामदास आचार्य, मेला संयोजक कन्हैया लाल अग्रवाल, समिति अध्यक्ष राजेंद्र बंसल भगत तथा भागवत आचार्य रमाकांत गोस्वामी एवं केशव पंडा ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।




शोभायात्रा में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। विभिन्न देवी-देवताओं के रूप में सजे कलाकारों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। गली-गली भगवामय हो गई और “श्रीराम जय राम जय जय राम” के जयकारों से पूरा वातावरण राममय बन गया।
समिति के प्रवक्ता श्याम शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान श्री गणेश, मां चामुंडा, महादेव, हनुमानजी और भव्य राम डोला की झांकियां शामिल रहीं। डांडिया पार्टी एवं डीजे पर बजते भक्ति गीतों ने राम भक्तों के उत्साह को और बढ़ा दिया।
मेला संयोजक कन्हैया लाल अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति, धर्म और मर्यादा के प्रतीक हैं। उनकी यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में नैतिकता, संस्कार और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का माध्यम भी है।
समिति अध्यक्ष राजेंद्र बंसल भगत ने कहा कि श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, कर्तव्य और धर्मपालन का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में सद्भाव, अनुशासन और मर्यादा स्थापित की जा सकती है।
इस अवसर पर भगवान श्रीराम का विधिवत अभिषेक भी किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीकांत शर्मा, महापौर विनोद अग्रवाल, हरिशंकर, राजू यादव, योगेश आवा, योगेंद्र चतुर्वेदी, मनु ऋषि त्रिवेदी, हेमंत चतुर्वेदी, हर्षित अग्रवाल, रमन लाल शर्मा, नितिन चतुर्वेदी, प्रदीप यादव, राहुल दुबे, निखिल वाष्र्णेय, डॉ. जमुना शर्मा, रुचि द्विवेदी, रेनू उपाध्याय, अमित भारद्वाज, वत्सल भाटिया, आशीष शर्मा, अर्जुन पंडित, डॉ. देवेंद्र शर्मा, डॉ. अशोक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
