कटवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कटवा में आयोजित एक चुनावी रैली में राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ है और भाजपा सत्ता में आने पर इसका पूरा लेखा-जोखा जनता के सामने रखने के लिए श्वेत पत्र जारी करेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा टीएमसी के 15 वर्षों के शासनकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार, मंत्रियों और विधायकों की मिलीभगत तथा संगठित लूट की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार बनने पर ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“सिंडिकेट राज का होगा अंत”
रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का संकल्प केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि राज्य में “सिंडिकेट राज” और “जंगलराज” के अंत का संकल्प है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में अब भय और असुरक्षा का माहौल खत्म होगा और विकास व अवसर का नया दौर शुरू होगा।
महिलाओं और युवाओं के लिए घोषणाएं
प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए प्रति माह 3,000 रुपये की सहायता और नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों की स्थापना कर युवाओं को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
टीएमसी पर लोगों को गुमराह करने का आरोप
उन्होंने कहा कि भाजपा को मिल रहे जनसमर्थन से घबराकर टीएमसी लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा भ्रष्टाचार के अड्डों को खत्म करेगी और पारदर्शी शासन स्थापित करेगी।
दो चरणों में होंगे चुनाव
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने 213 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा ने 77 सीटें हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी।
