रिपोर्ट: एल०एम० पाण्डेय।
गोरखपुर। शहर में एक एयरवेज कंपनी की महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। घटना से पहले उसने व्हाट्सऐप स्टेटस के जरिए मानसिक रूप से परेशान होने का संकेत भी दिया था।
यह मामला गोरखपुर के गीता थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जबकि घटना स्थल एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर स्थित सैनिक कुंज कॉलोनी बताया जा रहा है। यहां किराए के मकान में रहने वाली स्पाइसजेट की कर्मचारी शिवांगी वर्मा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया।
मकान मालिक ने देखी स्थिति, अस्पताल ले जाया गया
सोमवार सुबह मकान मालिक ने जब शिवांगी का व्हाट्सऐप स्टेटस देखा, तो संदेह होने पर उनके कमरे में पहुंचे। वहां वह अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। आनन-फानन में उन्हें एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतका का मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है, जिसमें व्हाट्सऐप स्टेटस सहित डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
परिजनों को नहीं थी किसी समस्या की जानकारी
मकान मालिक द्वारा दी गई सूचना पर परिजन भी गोरखपुर पहुंच गए। परिजनों का कहना है कि उन्हें शिवांगी के किसी प्रकार की परेशानी की जानकारी नहीं थी, जिससे वह ऐसा कदम उठातीं। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
बलिया की रहने वाली थीं शिवांगी
शिवांगी वर्मा मूल रूप से बलिया जिले के मलिकपुर गांव की निवासी थीं। वह अविवाहित थीं और पिछले दो वर्षों से स्पाइसजेट एयरवेज में सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अपने साथ बलिया ले गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी सीपी पांडेय के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।
