लखनऊ। सुशान्त गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना का पुलिस ने मात्र 24 घंटे में सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त ईंट और मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली है। त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार 03 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8 बजकर 27 मिनट पर सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा है।
सूचना पर थाना सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस और उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा व अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसी दिन मृतक के भाई मस्तराम की लिखित तहरीर के आधार पर थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में मुकदमा संख्या 63/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने क्षेत्र के 15 से 20 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी और मैनुअल साक्ष्य एकत्र किए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान एक काली रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सामने आई।
जानकारी मिली कि मोटरसाइकिल दीपक कुमार की है, जो सुशील का रिश्तेदार है और दोनों अक्सर साथ आते-जाते थे।पुलिस ने बुद्धूखेड़ा गांव में दबिश देकर दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 02 फरवरी 2026 की रात उन्होंने अत्यधिक शराब का सेवन किया था और मोटरसाइकिल से मुल्लाखेड़ा जा रहे थे। रास्ते में साइकिल से जा रहे सन्तराम से उनकी मोटरसाइकिल छू गई, जिस पर कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। इसके बाद अभियुक्तों ने मोटरसाइकिल मोड़कर सन्तराम को रोका और नशे की हालत में ईंट तथा लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सन्तराम को सड़क से घसीटकर पास के खाली प्लॉट में डाल दिया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों अभियुक्त मौके से फरार हो गए।
अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद ईंट और मोटरसाइकिल संख्या UP 32 PR 5066 (स्प्लेंडर प्लस) बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में सुशील, उम्र 27 वर्ष, निवासी कटरा बक्कास और दीपक कुमार, उम्र 21 वर्ष, निवासी बुद्धूखेड़ा शामिल हैं। दोनों मजदूरी का कार्य करते हैं।
पुलिस का कहना है कि आपसी कहासुनी और गाली-गलौज के बाद गुस्से में आकर यह हत्या की गई। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
