•ब्लॉक प्रमुख अनिल दूबे ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कार्यकर्ताओं से की अपील।
कुदरहा (बस्ती)। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कुदरहा ब्लॉक प्रमुख अनिल दूबे के नेतृत्व में गांव में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अनिल दूबे ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि तथा नि:शुल्क राशन वितरण जैसी योजनाओं को जनकल्याणकारी बताते हुए उनकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को आवास, उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन और आयुष्मान भारत योजना के जरिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मंडल अध्यक्ष दुर्गेश अग्रहरी ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इंद्र कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज पासवान, महंथ पाल, सच्चिदानंद यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
