•बिना टिकट यात्रा पर कड़ी कार्रवाई, यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने और रेल राजस्व की क्षति रोकने के उद्देश्य से सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 से 22 मार्च 2026 तक विभिन्न रेल खंडों में विशेष अभियान संचालित किया गया।
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देश पर प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में वाणिज्य अधिकारियों की टीम ने गोरखपुर-गोंडा, गोरखपुर-बेलथरा रोड एवं गोरखपुर-सीवान रेल खंडों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा बिना बुक कराए सामान के कुल 283 मामले पकड़े गए।
इन मामलों से रेलवे को कुल 1,84,850 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। साथ ही पैंट्रीकार एवं ऑनबोर्ड स्टाफ के पहचान पत्रों की भी गहन जांच की गई।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और राजस्व सुरक्षा के लिए सभी मंडलों में स्पॉट चेक, एंबुश चेक एवं किलाबंदी जांच लगातार जारी रहेगी। आने वाले दिनों में भी स्टेशनों एवं ट्रेनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।
