•अब तक चार मौतों की पुष्टि, रेस्क्यू जारी; गैस का असर एक किमी तक, प्रबंधन पर कार्रवाई
पवन कुमार रस्तोगी।
प्रयागराज। फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर स्थित प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर बने एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस टैंक फटने से भीषण हादसा हो गया, जिससे पूरी इमारत ढह गई। इस दुर्घटना में डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका है।

घटना के बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक चार मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और अमोनिया गैस का असर लगभग एक किलोमीटर तक फैल गया, जिसके चलते आसपास के इलाके में आवागमन रोक दिया गया। मौके पर दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस, पुलिस बल, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर दबे लोगों की तलाश की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में बिहार के सहरसा जिले के तीन मजदूर तथा एक स्थानीय व्यक्ति शामिल है। कई अन्य मजदूर झुलसने और घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस ने मामले में कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन से जुड़े लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
