नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकाबंदी के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर ‘जग विक्रम’ सुरक्षित रूप से इस संवेदनशील समुद्री मार्ग को पार कर भारत की ओर बढ़ रहा है।
ओमान की खाड़ी पहुंचा जहाज
11 अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य पार करने के बाद जहाज ओमान की खाड़ी में पहुंच चुका है और अब तेजी से भारत की ओर अग्रसर है। जहाज पर करीब 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी गैस लदी हुई है तथा इसमें 24 नाविक सवार हैं।
14 अप्रैल तक कांडला पहुंचने की उम्मीद
जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल के अनुसार, ‘जग विक्रम’ के 14 अप्रैल तक कांडला बंदरगाह पहुंचने की पूरी संभावना है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि देश के सभी बंदरगाहों पर कामकाज सामान्य रूप से जारी है और कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति नहीं है।
अब भी 15 भारतीय जहाज फंसे
आंकड़ों के अनुसार, मार्च की शुरुआत से अब तक ‘जग विक्रम’ नौवां भारतीय जहाज है जो सुरक्षित रूप से फारस की खाड़ी से बाहर निकला है। हालांकि, अभी भी 15 भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए हैं। इसके अलावा भारत के लिए जरूरी सामान लेकर आ रहे कई विदेशी जहाज भी इसी क्षेत्र में रुके हुए हैं।
वैश्विक व्यापार पर बढ़ी चिंता
हाल ही में अमेरिका द्वारा की गई नाकाबंदी के कारण वैश्विक व्यापार पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। अब पूरी दुनिया की नजर इस बात पर है कि वहां फंसे जहाजों की सुरक्षित आवाजाही कब तक संभव हो पाती है।
