Oplus_131072
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख/सीतापुर। मिश्रिख क्षेत्र के बीकासूर ग्रांट ग्राम पंचायत अंतर्गत जयपुर स्थित गौशाला में अव्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि गौशाला में निजीकरण के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं, जिससे नियमों की अनदेखी हो रही है।
नियमों की अवहेलना का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, श्री खाटू श्याम सेवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह शेखावत एवं प्रदेश सचिव मोहित सिंह चौहान ने गौशाला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान गौवंश के अवशेष मिट्टी में पड़े मिले, जिस पर संगठन पदाधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि यह नियमों की खुली अवहेलना है और गौशाला के संचालन में लापरवाही बरती जा रही है।
ग्राम प्रधान व सचिव पर लापरवाही के आरोप
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि गौशाला के निजीकरण की प्रक्रिया में ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव द्वारा गंभीर लापरवाही की गई है। जब संबंधित सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी, मिश्रिख ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। जांच के लिए सेक्रेटरी को मौके पर भेजा गया है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने की चेतावनी
श्री खाटू श्याम सेवा संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस प्रकरण को लेकर वे सीतापुर के जिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री तक शिकायत दर्ज कराएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो।
इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह शेखावत, प्रदेश सचिव मोहित सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
