बस्ती। बहुजन समाज पार्टी के नेता एवं बस्ती सदर विधानसभा क्षेत्र से प्रबल दावेदार सचिन कुमार श्रीवास्तव ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर समाज में शिक्षा के प्रसार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब के ‘शिक्षित बनो, संघर्ष करो’ के संदेश की आज भी उतनी ही प्रासंगिकता है। समाज के सभी वर्गों को समान शिक्षा के अवसर मिलना आवश्यक है, जबकि वर्तमान समय में अशिक्षा और गरीबी अभी भी बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं। विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान उन्होंने पाया कि शिक्षा का अभाव अब भी व्यापक रूप से मौजूद है।
सचिन कुमार श्रीवास्तव ने अंबेडकर जयंती के अवसर पर पौधरोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदूषण से मुक्ति पाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि 14 अप्रैल को मायावती के आह्वान पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक लखनऊ पहुंचेंगे, जहां अंबेडकर जयंती भव्य रूप से मनाई जाएगी।
