रिपोर्ट: एल०एम० पाण्डेय
गोरखपुर। ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर और अलीपुरद्वार के बीच साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन कुल तीन फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
इन तिथियों में चलेगी ट्रेन
05056 गोरखपुर-अलीपुरद्वार साप्ताहिक विशेष गाड़ी 18, 25 अप्रैल एवं 02 मई 2026 (शनिवार) को गोरखपुर से प्रस्थान करेगी। वहीं, वापसी में 05055 अलीपुरद्वार-गोरखपुर विशेष गाड़ी 19, 26 अप्रैल एवं 03 मई 2026 (रविवार) को अलीपुरद्वार से चलाई जाएगी।
निर्धारित समय और प्रमुख ठहराव
गोरखपुर से यह ट्रेन सुबह 10:05 बजे रवाना होकर कप्तानगंज, पडरौना, सीवान, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होकर अगले दिन सुबह 7:30 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी।
वापसी में अलीपुरद्वार से सुबह 10:00 बजे चलकर यह ट्रेन उन्हीं प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 9:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
कोच संरचना
इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें जनरेटर सह लगेज यान, एलएसएलआरडी, सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, द्वितीय श्रेणी तथा प्रथम श्रेणी के कोच शामिल हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है, जिससे ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान होने वाली भीड़ से राहत मिल सके।
