रिपोर्ट: एल०एम० पाण्डेय।
गोरखपुर। रेल यात्रियों को स्वच्छ एवं शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा ग्रीष्मकाल में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देशन में तीनों मंडलों में यह कार्रवाई लगातार जारी है।
7 से 14 अप्रैल 2026 के बीच गोरखपुर जंक्शन पर विभिन्न ट्रेनों (ट्रेन संख्या 15077, 14673 आदि) में सघन जांच के दौरान 4,877 अनधिकृत पानी की बोतलें एवं कोल्ड ड्रिंक्स जब्त किए गए। जब्त सामग्री को अग्रिम कार्रवाई के लिए लास्ट प्रॉपर्टी ऑफिस (एलपीओ) भेज दिया गया है।
सीवान रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 14006 (आनंद विहार टर्मिनल–सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस) से 144 अवैध पानी की बोतलें बरामद की गईं। वहीं, 15028 गोरखपुर–सम्बलपुर मौर्य एक्सप्रेस में एक अनधिकृत वेंडर को पकड़ा गया।
बलिया–छपरा के मध्य गाड़ी संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में पेंट्रीकार की जांच के दौरान 6 लोग अनधिकृत रूप से यात्रा करते पाए गए, जिनसे ₹4,910 का रेल राजस्व वसूला गया।
इसके अलावा गाजीपुर सिटी एवं वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशनों पर 3-3 अवैध वेंडरों को पकड़कर रेलवे सुरक्षा बल के सुपुर्द किया गया। देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 19091 के पेंट्रीकार से 203 अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त की गईं।
गोंडा जंक्शन पर 1 से 13 अप्रैल के बीच चलाए गए अभियान में 942 अवैध पानी की बोतलें बरामद की गईं तथा 5 अवैध वेंडरों को गिरफ्तार कर आरपीएफ को सौंपा गया।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
