•सांसद जगदंबिका पाल व पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी की मौजूदगी में दिलाई गई शपथ, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति।
सिद्धार्थनगर। आदर्श नगर पंचायत बिस्कोहर के सभागार में बुधवार को शासन द्वारा मनोनीत सभासदों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी कुणाल ने नामित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वालों में सत्य नारायण दूबे, सूर्य मणि चौधरी एवं राजू कसौधन शामिल रहे। समारोह में सांसद जगदंबिका पाल एवं पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने नव-नामित सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सदस्यों के जुड़ने से नगर पंचायत के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
विशिष्ट अतिथि डॉ. सतीश द्विवेदी ने कहा कि बिस्कोहर की जनता की समस्याओं का समाधान अब अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा। उन्होंने सभी से संगठन और शासन के बीच सेतु बनकर कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी की प्राथमिकता है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष अजय गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए बिस्कोहर को आदर्श नगर पंचायत बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी अखिलेश दीक्षित सहित श्रवण गिरी, सुधीर त्रिपाठी, संजय सिंह, पंकज सिंह, विकास सिंह, राम कृपाल चौधरी, राम तेज शुक्ला, लवकुश चौधरी, कृष्णा मिश्रा, बलराम मिश्रा, जयवर्धन तिवारी, नृपेन्द्र सिंह, हर्षित श्रीवास्तव, देवेंद्र प्रताप सिंह, धनीराम प्रजापति आदि उपस्थित रहे।
