•वेद प्रचार व समाजसेवा में उनके योगदान को किया गया याद, विभिन्न संस्थानों में फलाहार वितरण।
बस्ती। आर्य समाज नई बाजार, बस्ती के पदाधिकारियों ने संस्था के संरक्षक स्वर्गीय राम प्रताप आर्य की पुण्यतिथि पर वैदिक यज्ञ का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।



इस अवसर पर प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि स्व. राम प्रताप आर्य ने बस्ती मंडल में वैदिक धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए तन, मन और धन से उल्लेखनीय प्रयास किए। उनके प्रयासों से वेद प्रचार, जनजागरण, सामूहिक वैदिक संस्कार कार्यक्रम एवं बच्चों के चरित्र निर्माण शिविरों के माध्यम से समाज के लोगों को पुनः वैदिक धर्म से जोड़ा गया।
अलख निरंजन आर्य ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे अत्यंत दयालु स्वभाव के थे और गरीब बच्चों की शिक्षा व कन्याओं के विवाह में बढ़-चढ़कर सहयोग करते थे। उन्होंने अपने बड़े भाई विश्रामदास आर्य के साथ मिलकर स्वामी दयानन्द पूर्व माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की, जो आज भी बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार एवं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देकर आदर्श नागरिक बनाने में योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आदित्य नारायण गिरि, गरुण ध्वज पाण्डेय, ब्रह्मानंद पाण्डेय, नितीश कुमार, अनीशा मिश्रा, महक मिश्रा, अंजली एवं मान्या जायसवाल द्वारा वृद्धाश्रम, जिला चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, गौशाला कठार जंगल एवं विद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों में फलाहार वितरण किया गया।
यज्ञ का संचालन करते हुए गरुण ध्वज पाण्डेय ने कहा कि महापुरुषों की पुण्यतिथि पर उन्हें स्मरण करने से हमें सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और उनके जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर ओम प्रकाश आर्य, अलख निरंजन आर्य, आनंद स्वरूप आर्य, आदित्य आर्य, अंश आर्य, अर्चना आर्य, रश्मि आर्य, ओंकार आर्य, रजनी आर्य, कंचनलता आर्य, उर्मिला आर्य, राधेश्याम आर्य, रामसनेही सहित अनेक लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
