सुलतानपुर। नगर पालिका परिषद सुलतानपुर के मुख्य कार्यालय परिसर स्थित शहीद सुन्दरलाल पार्क में बुधवार को गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने की, जबकि उपजिलाधिकारी सदर विपिन कुमार द्विवेदी ने नामित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में शासन द्वारा नामित पांच सदस्यों में रणजीत सिंह संत, प्रदीप जायसवाल, रवि अग्रहरि, रेनू सिंह और मदन सोनकर को शपथ दिलाई गई। अपने संबोधन में पालिकाध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग-6, लखनऊ की अधिसूचना के तहत इन सदस्यों का नामांकन किया गया है।
उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के शामिल होने से नगर पालिका की कार्यक्षमता और जनसेवा का दायरा और अधिक सुदृढ़ होगा। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए सुलतानपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज ने अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन सभासद प्रवीण मिश्र और दिनेश चौरसिया ने किया। इस मौके पर भाजपा पदाधिकारी, नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
