अखंडनगर/सुलतानपुर। ब्लॉक क्षेत्र के सेल्हुपारा गांव में 1962 मोबाइल वेटनरी यूनिट (एमवीयू) सेवा के माध्यम से एक पशुपालक को त्वरित राहत मिली। गांव के पशुपालक चन्द्रशेखर पाण्डेय की गाय पिछले तीन दिनों से बीमार थी। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1962 पर सूचना दी, जिसके बाद एमवीयू टीम मौके पर पहुंची।
टीम में शामिल पशु चिकित्सक डॉ. रोहित कुमार धुरिया ने बीमार पशु का उपचार किया। इस दौरान एमटीएस देवेन्द्र पाण्डेय एवं पायलट राजेश कुमार भी उपस्थित रहे। उपचार के अगले दिन पशुपालक ने बताया कि उनकी गाय अब पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने एमवीयू टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
भरोसे का केंद्र बन रही 1962 सेवा
1962 मोबाइल वेटनरी यूनिट सेवा पशुपालकों के बीच तेजी से भरोसे का केंद्र बनती जा रही है। इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता है कि एक फोन कॉल पर पशु चिकित्सा टीम गांव तक पहुंच जाती है, जिससे इलाज में देरी नहीं होती और समय पर उपचार संभव हो पाता है।
उत्तर प्रदेश सरकार की यह योजना पशुपालन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी पहल साबित हो रही है। इससे न केवल पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, बल्कि पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिल रही है। यदि इस सेवा का विस्तार और जागरूकता इसी प्रकार बढ़ती रही, तो यह योजना भविष्य में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती है।
