कुदरहा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देते हुए सूने घर को निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह वारदात रखौना पुलिस चौकी से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर हुई, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के सपहा गांव निवासी अशोक कुमार का परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। घर में किसी के न होने का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने घर के पीछे की ओर से प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए।
घर लौटने पर हुई घटना की जानकारी
रात में जब परिवार के लोग शादी समारोह से वापस घर पहुंचे तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी गायब हैं। इसके बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम
सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए तथा फिंगरप्रिंट के नमूने लिए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस चौकी के पास हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है और पुलिस की गश्त व सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
