बस्ती। नगर पंचायत नगर बाजार से रामधाम निःशुल्क यात्रा के चौथे चरण में रविवार सुबह श्रद्धालुओं का दल अयोध्या के लिए रवाना किया गया। सुबह 8 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने पुष्प वर्षा एवं “जय श्रीराम” के उद्घोष के बीच यात्रियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया और भगवा ध्वज दिखाकर बस को रवाना किया।
अध्यक्ष श्रीमती राना ने बताया कि नगर पंचायत नगर देश की पहली ऐसी नगर पंचायत है, जहां प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क धार्मिक यात्रा का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने यात्रा मार्ग की जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा अयोध्या धाम स्थित श्री राम जन्मभूमि, श्री हनुमानगढ़ी, बस्ती के मखौड़ा धाम (पुत्रेष्टि यज्ञ स्थली) तथा गुरु तीर्थ वशिष्ठ आश्रम, बढ़नी मिश्र होते हुए पुनः नगर बाजार स्थित श्री दुर्गा मंदिर पर आकर समाप्त होती है।
श्रीमती राना ने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने घर के वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण नगर पंचायत कार्यालय में कराकर इस पुण्य यात्रा में सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सेवा और विकास के आधार पर नगर को देश का मॉडल नगर बनाना उनका लक्ष्य है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह एवं स्वतंत्रता सेनानी सरजू भगत निषाद की ऐतिहासिक धरती की सेवा करना गौरव की बात है। उन्होंने नगर के समग्र विकास के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सभासदगण राजेश पाण्डेय, राज कुमार चौधरी, अखिलेश यादव, सत्यराम निषाद, संजय सोनकर, राम सजन यादव, विजय जायसवाल, बिन्दू लाल, संदीप कुमार, विजय साहनी, देवेश धर द्विवेदी, राकेश कुमार पाण्डेय, देवेंद्र पाण्डेय (सन्नी), सरोज देवी, विभा सिंह, श्रुति अग्रहरि, भरत राम, राम पाल प्रजापति, शेर सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
