महराजगंज। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज क्षेत्र के निवासी विनय कुमार ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में आरोपी ने उससे 90 हजार रुपये ले लिए। आरोपी ने 6 मार्च 2025 को विदेश भेजने का आश्वासन देते हुए हवाई जहाज का टिकट और वीजा भी दिया, लेकिन जांच कराने पर दोनों दस्तावेज फर्जी निकले।
पीड़ित का कहना है कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। शिकायत करने के बाद आरोपी ने 35 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 55 हजार रुपये अब तक नहीं लौटाए हैं।
पीड़ित ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत बृजमनगंज थाने में भी की, जहां कई बार आश्वासन मिला, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर उसने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर कार्रवाई कराने और बकाया धन वापस दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
