•पुस्तकालय, कॉलोनियों, पार्क व चिकित्सालय का जायजा लेकर गुणवत्ता और स्वच्छता पर दिया जोर।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेलवे मुख्यालय स्थित विभिन्न विभागों, पुस्तकालयों, कॉलोनियों एवं चिकित्सालय का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में महाप्रबन्धक ने प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय के राजभाषा अनुभाग में स्थापित श्री लाल शुक्ला हिंदी पुस्तकालय एवं वाचनालय, महिला कॉमन रूम और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने केन्द्रीय ग्रंथालय का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध पुस्तकों, अध्ययन कक्षों और व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया तथा इसे और अधिक जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया।
इसके पश्चात उन्होंने कौवा बाग रेलवे कॉलोनी में निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण कर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने, बैठने की सुविधाएं बढ़ाने और बेहतर लैंडस्केपिंग कराने के निर्देश दिए।
महाप्रबन्धक ने ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय में बन रहे ड्रेनेज नाले का निरीक्षण करते हुए इसे मानकों के अनुरूप एवं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, खानपान स्टॉल में सुधार और नए कैंटीन निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने मेडिकल कॉलोनी का भी दौरा किया और मानसून से पहले ड्रेनेज व्यवस्था की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य इंजीनियर आर.सी. श्रीवास्तव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
