महाशिवरात्रि पर शिव-पार्वती की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र।
रिपोर्ट : अरविंद गोयल।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विश्वविख्यात तीर्थनगरी हरिद्वार में भगवान शिव की भव्य बारात शोभायात्रा बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ निकाली गई। यह शोभायात्रा प्रसिद्ध सुभाष घाट शिव मंदिर से सांयकाल प्रारंभ हुई।
शोभायात्रा सुभाष घाट से आरंभ होकर जहान्वी मार्केट, हर की पौड़ी, अपर रोड, मनसा देवी पैदल मार्ग, पोस्ट ऑफिस, ललतारौ पुल, शिव मूर्ति चौक, भोला गिरी रोड, छोटी सब्जी मंडी, विष्णु घाट, राम घाट, बड़ी सब्जी मंडी, मोती बाजार और गऊं घाट से होते हुए पुनः सुभाष घाट शिव मंदिर पर सम्पन्न हुई।
इस दौरान शिव-पार्वती की नंदी पर सवार भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। बारात में भूत, प्रेत, पिशाच और यक्ष रूपी कलाकारों के नृत्य ने माहौल को शिवमय बना दिया। बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस शोभायात्रा में श्रद्धालु जमकर झूमते और भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते दिखाई दिए।
महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रातःकाल से ही दक्ष प्रजापति मंदिर एवं बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे नगर में दिनभर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
