सिद्धार्थनगर। जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम आवास योजना के पास बनी एक परित्यक्त पानी की टंकी पर बड़ा हादसा हो गया। रविवार को पांच बच्चे टंकी पर चढ़ रहे थे, तभी बीच में सीढ़ी अचानक टूटकर नीचे लटक गई। करीब 100 फीट ऊंचाई से तीन बच्चे नीचे गिर पड़े, जबकि दो बच्चे ऊपर ही फंस गए।
घटना की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल प्रशासन को सूचना दी। नीचे गिरे तीनों बच्चों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां 14 वर्षीय सिद्धार्थ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं 13 वर्षीय गोलू और 11 वर्षीय सनी का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि यह पानी की टंकी लगभग दो दशक पहले ही परित्यक्त घोषित की जा चुकी थी। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., एडीएम, एसडीएम और एएसपी सहित भारी पुलिस बल एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया।
खबर लिखे जाने तक टंकी के ऊपर फंसे दोनों बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी रहा। जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (डिजास्टर रिस्पॉन्स टीम) को भी बुलाया गया है और जल्द ही दोनों बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा।प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
