— दीपक कुमार, हरिद्वार।
हरिद्वार (उत्तराखंड। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित विष्णु घाट चौक के पास मंगलवार देर रात तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण एक दुकान में रखा छोटा एलपीजी सिलेंडर फटना बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 1:00 बजे एक खाने-पीने की दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन क्षेत्र की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को पहुंचने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बाजार पूरी तरह बंद था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि आग दिन के समय लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
