•अयोध्या सीमा पर सरयू में अयोध्या जल पुलिस ने किया शव बरामद
•दिवंगत के भाई एडीएम ने बताई रहस्यमय मृत्यु उच्च स्तरीय जांच की मांग
बस्ती। लापता परसरामपुर थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (दारोगा) अजय गौड़ का शव रविवार रात बस्ती और अयोध्या की सीमा पर सरयू नदी से बरामद किया गया था। सोमवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस घटना से पुलिस महकमे में शोक और तनाव का माहौल है।
वहीं, दिवंगत के भाई और वर्तमान में एडीएम झांसी के पद पर तैनात अभय गौड़ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दारोगा अजय गौड़ बीते पांच फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। दिवंगत दारोगा के भाई एडीएम अभय गौड़ ने पुलिस की अब तक की कार्रवाई और परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि इसके पीछे गहरी साजिश हो सकती है। उन्होंने पुलिस उच्चाधिकारियों व प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
छावनी में तब्दील रहा पोस्टमार्टम हाउस
सोमवार को जब दारोगा का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया, तो सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात रहा। स्वास्थ्य विभाग के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सीओ सिटी सत्येन्द्र भूषण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक लालगंज संजय कुमार, एसओ परसरामपुर विश्वमोहन राय, छावनी चंदन कुमार, दुबौलिया सुनील गौड़, कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव, कलवारी गजेंन्द्र प्रताप सिंह, नगर भानुप्रताप सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रहे।
दारोगा को दी गई पुलिस लाइन में अंतिम विदाई
पोस्टमार्टम के पश्चात पुलिस लाइन बस्ती में दिवंगत अजय गौड़ के सम्मान में शोक सभा आयोजित की गई। सीआरओ कीर्तप्रकाश भारती व एएसपी श्यामकांत ने शव को कंधा दिया पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि व शोक सलामी दी गई। पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि व्यक्त की गई तथा उनके परिवार को सांत्वना देते हुए ढाढस बंधाया गया।
————-
एसएसआइ अजय गौड़ की रहस्यमय मृत्यु के मुख्य बिंदु:
:लापता तिथि: 5 फरवरी, 2026
:शव प्राप्ति: रविवार आठ फरवरी की रात, सरयू नदी (बस्ती-अयोध्या बार्डर)
: सुरक्षा: पोस्टमार्टम के दौरान भारी पुलिस बंदोबस्त।
: मांग: एडीएम भाई अभय गौड़ द्वारा उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की अपील।
