•विश्व हिन्दू महासंघ ने एसपी को सौंपा ज्ञापन।
बस्ती। सोमवार को विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर गैर राज्यों से आकर फेरी लगाकर व्यापार करने वालों की सघन जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पैकोलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में फेरी लगाने वाले व्यक्ति द्वारा दुराचार की दुर्भाग्यपूर्ण घटना का उल्लेख करते हुए जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने कहा कि बिहार, बंगाल सहित अन्य राज्यों से कई लोग बस्ती जनपद में फेरी लगाकर व्यापार कर रहे हैं। यदि इनकी गहनता से जांच कराई जाए, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि इनमें से अनेक लोगों का आपराधिक इतिहास है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व फेरी लगाने की आड़ में जिले में रहकर गंभीर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं और कानून की पकड़ से बचने का प्रयास कर रहे हैं, जो जनसुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है।
विश्व हिन्दू महासंघ युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ त्रिपाठी एवं विवेक श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि दूसरे राज्यों से आकर फेरी लगाने वालों का सत्यापन कराया जाए तथा दोष पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
