महराजगंज। जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने पोक्सो एक्ट से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पुरन्दरपुर चौराहे के पास से दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा के पर्यवेक्षण में थाना पुरन्दरपुर की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 77/2026 से संबंधित आरोपी राकेश पुत्र राधेश्याम उर्फ सीबड़ साहानी (23 वर्ष) निवासी खालिकगढ़ टोला कुडिया, थाना पुरन्दरपुर को रविवार देर रात करीब 10:40 बजे गिरफ्तार किया।
मामले का विवरण
पीड़िता के भाई लक्ष्मण पुत्र चन्द्रकेश सहानी ने थाना पुरन्दरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि राकेश उनकी करीब 16 वर्षीय नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। इस पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
बाद में पीड़िता की बरामदगी और उसके बयान के आधार पर जांच में सामने आया कि आरोपी उसे अपने साथ ले जाकर पति-पत्नी की तरह रह रहा था। इसके बाद मामले में धारा 64(1), 137(2) बीएनएस तथा 3/4 पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। रविवार रात मुखबिर की सूचना पर उसे पुरन्दरपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय, उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक भारतलाल यादव, उपनिरीक्षक नेहा कुमारी तथा कांस्टेबल देवेंद्र खरवार शामिल रहे।
