•10.50 करोड़ की लागत से बन रहा नया स्टेशन भवन, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
कन्नौज/गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल स्थित गुरसहायगंज रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 10.50 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कन्नौज जिले में स्थित गुरसहायगंज रेलवे स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जो कानपुर, लखनऊ, कासगंज, फर्रूखाबाद और बरेली जैसे प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है। इसके चलते यह स्टेशन आसपास के व्यापारिक और कृषि क्षेत्र के लिए भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। गुरसहायगंज से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित कन्नौज अपने प्रसिद्ध इत्र उद्योग के कारण देश-विदेश में जाना जाता है। वहीं यह क्षेत्र गेहूं, आलू और धान जैसी फसलों की खेती के लिए भी प्रसिद्ध है तथा इन कृषि उत्पादों का परिवहन भी इसी स्टेशन के माध्यम से होता है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आगामी 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का व्यापक विकास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत लगभग 386 वर्गमीटर क्षेत्रफल में नया स्टेशन भवन बनाया गया है, जिसमें जन-औषधि केंद्र, आधुनिक शौचालय, टी-स्टॉल और कार्यालय की व्यवस्था की गई है।
स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 और 2 पर सरफेसिंग व ग्रेनाइट लगाने का कार्य किया गया है। साथ ही नया यात्री हाल, आरक्षण कार्यालय, आकर्षक फसाड, सर्कुलेटिंग एरिया तथा ड्रेनेज में वीडीसी सरफेसिंग का निर्माण कराया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक शौचालय, पोर्च, दिव्यांगजन हेतु शौचालय, वाटर बूथ, हेल्प बूथ तथा कम ऊंचाई वाली टिकट खिड़कियां भी बनाई गई हैं।
इसके अलावा स्टेशन पर लगभग 900 मीटर रैंप, 640 वर्गमीटर में पीपी शेल्टर और नया पैदल उपरिगामी पुल (फुट ओवर ब्रिज) का निर्माण किया गया है। वीआईपी कक्ष का भी उन्नयन किया गया है। स्टेशन परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप साइनेज लगाए जाएंगे और स्टेशन भवन को आकर्षक फसाड लाइटिंग से सजाया जाएगा।
पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद गुरसहायगंज स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बेहतर और आधुनिक यात्रा सुविधाओं का अनुभव मिलेगा।
