•शिव-पार्वती विवाह कथा से गूंजा हरीराम पट्टी (कटनई) में स्थित जय माँ दुर्गा धाम, श्रद्धालु हुए भाव-विभोर , यजमान दंपति की श्रद्धा बनी आकर्षण का केंद्र.
प्रयागराज। हरीराम पट्टी उर्फ कटनई ग्रामसभा स्थित जय माँ दुर्गा धाम में आयोजित श्रीराम कथा एवं शतचंडी महायज्ञ के तृतीय दिवस का आयोजन अत्यंत भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कथा व्यास रुद्रेन्द शास्त्री जी महाराज ने भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह का मार्मिक प्रसंग सुनाया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।


कथा के दौरान भगवान शिव की अद्भुत बारात का सजीव वर्णन किया गया, जिसमें भूत-प्रेत, गण, देवता और विविध स्वरूपों वाले बाराती शामिल थे। इस रोचक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को आनंद और हास्य से सराबोर कर दिया तथा पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब गया।
माता पार्वती की कठोर तपस्या, अटूट श्रद्धा और भगवान शिव के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कथा व्यास ने बताया कि सच्ची भक्ति, धैर्य और विश्वास से जीवन की हर मनोकामना पूर्ण होती है। भगवान शिव का सरल, विरक्त एवं करुणामय स्वरूप तथा माता पार्वती का प्रेम और धैर्य इस विवाह को दिव्यता प्रदान करते हैं।
इस पावन आयोजन में यजमान के रूप में बिपिन मिश्रा अपनी धर्मपत्नी ज्योति मिश्रा के साथ पूरे श्रद्धाभाव से अनुष्ठान एवं कथा का श्रवण कर रहे हैं। यजमान दंपति की भक्ति और समर्पण भी श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
विवाह प्रसंग के दौरान “हर-हर महादेव” और “जय माता पार्वती” के जयघोष से पूरा पंडाल गूंज उठा। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और भक्ति में लीन हो गए।
श्रीराम कथा का आयोजन 19 मार्च से 26 मार्च तक निरंतर चल रहा है, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। यह आयोजन क्षेत्र में भक्ति, प्रेम और आस्था का संदेश प्रसारित कर रहा है।
