•गोरखपुर होकर चलेगी ट्रेन, 17 से 29 मार्च तक बढ़ाया गया संचालन।
गोरखपुर। होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पूर्णिया कोर्ट–आनंद विहार टर्मिनल के बीच चल रही होली विशेष ट्रेन के संचालन को बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन गोरखपुर मार्ग से संचालित होगी और कुल छह अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 05579 पूर्णिया कोर्ट–आनंद विहार टर्मिनल होली विशेष ट्रेन 17 से 29 मार्च 2026 तक प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को पूर्णिया कोर्ट से शाम 4:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बनमंखी, मुरलीगंज, सहरसा, सुपौल, नरकटियागंज, बगहा और कप्तानगंज होते हुए अगले दिन सुबह 9:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और हापुड़ से होते हुए तीसरे दिन तड़के 1:05 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 05580 आनंद विहार टर्मिनल–पूर्णिया कोर्ट होली विशेष ट्रेन 19 से 29 मार्च 2026 तक प्रत्येक बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 5:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर समेत विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन दोपहर 1:45 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 02 जनरेटर सह लगेज यान, 02 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 04 शयनयान तथा 14 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के कोच शामिल होंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे होली के दौरान यात्रा के लिए इस विशेष ट्रेन का लाभ उठाएं और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।
