•गोरखपुर होते हुए चलेगी ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा
गोरखपुर। होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सहरसा–आनंद विहार टर्मिनल के बीच चल रही होली विशेष ट्रेन के दो अतिरिक्त फेरे संचालित करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन गोरखपुर के रास्ते चलेगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
रेलवे के अनुसार 05575 सहरसा–आनंद विहार टर्मिनल होली विशेष ट्रेन 18 और 25 मार्च 2026 (बुधवार) को सहरसा से रात 8:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन गोरखपुर सुबह 9:50 बजे, बस्ती 10:50 बजे, गोंडा 12:15 बजे तथा अन्य प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन तड़के 1:05 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी दिशा में 05576 आनंद विहार टर्मिनल–सहरसा होली विशेष ट्रेन 24 और 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 5:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर समेत कई स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन सुबह 10:30 बजे सहरसा पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 02 जनरेटर सह लगेज यान, 02 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 04 शयनयान श्रेणी तथा 14 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के कोच शामिल होंगे।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस विशेष ट्रेन का लाभ उठाकर सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा करें।
