बस्ती। जनपद बस्ती के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी हुई इनवर्टर की बैटरी तथा एक प्लास्टिक की खिलौना पिस्टल बरामद की है।
थानाध्यक्ष मुण्डेरवा श्री प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खमोखर के पास से शुक्रवार तड़के करीब 1:55 बजे अभियुक्त मोहित चौधरी (25), राजू उर्फ राजा चौधरी (28) तथा रोहित चौधरी (30) निवासीगण ग्राम खमोखर, थाना मुण्डेरवा को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, वादी ने 25 फरवरी 2026 को थाना मुण्डेरवा में तहरीर देकर दुकान से इनवर्टर, कपड़े और कॉस्मेटिक का सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। साथ ही आरोप लगाया था कि शिकायत करने पर आरोपी रोहित चौधरी ने पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। इस संबंध में मु0अ0सं0 43/2026 धारा 331(4), 305(a), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक गिरीशचन्द्र यादव द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक प्लास्टिक की खिलौना पिस्टल बरामद हुई, जबकि उनकी निशानदेही पर इचड़वा पुल के पास से चोरी गई इनवर्टर की एक बैटरी भी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक जावेद खान, उपनिरीक्षक गिरीशचन्द्र यादव, कांस्टेबल कामोद कुशवाहा व कांस्टेबल भगवान दयाल यादव शामिल रहे।
