•जनपद के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में सामने आया मामला।
राकेश कुमार की रिपोर्ट।
जौनपुर। जनपद के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में एक मोबाइल शॉप से आईफोन चोरी करने के आरोप में दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई।
जानकारी के अनुसार, दोनों सिपाही मोबाइल खरीदने के बहाने एक मोबाइल शॉप पर पहुंचे थे। दुकान पर मोबाइल देखते समय एक सिपाही ने चालाकी से अपना पुराना आईफोन काउंटर पर रख दिया और नया आईफोन चुपके से अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद दोनों सिपाहियों ने यह कहकर दुकान से बाहर निकल गए कि उन्हें फोन पसंद नहीं आया।
कुछ समय बाद जब दुकानदार को शक हुआ तो उसने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में एक सिपाही को मोबाइल चुराते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया।
मामला उजागर होने पर दुकानदार ने संबंधित थाने में दोनों सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने दोनों आरोपित सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है।
