प्रयागराज। धूमनगंज थाना क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका समेत दो लोगों को साइबर ठगों ने 1.90 लाख रुपये की चपत लगा दी। धूमनगंज पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धूमनगंज थाना क्षेत्र के न्याय विहार कॉलोनी सुलेम सराय निवासी शालिनी मिश्रा इलाहाबाद इंटरमीडिएट कॉलेज में सहायक अध्यापिका हैं।
शालिनी मिश्रा की तहरीर के अनुसार उनकी जानकारी के बिना सैलेरी अकाउंट से रूटर स्पोर्ट्स के नाम पर चार बार में 99 हजार 934 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया। मोबाइल पर बैंक से मैसेज आने पर उन्होंने तत्काल इंडियन बैंक के ट्रोल फ्री नंबर पर फोन कर खाता को होल्ड कराया। इसके बाद धूमनगंज थाने में साइबर ठगी की एफआईआर दर्ज करवाई।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के ही सैनिक कॉलोनी सुलेम सराय निवासी रमाकांत तिवारी को शादी के लिए रिश्ता खोजने के नाम पर 90 हजार रुपये की चपत लगा दी गई। एफआईआर के अनुसार अखबार में छपे विज्ञापन के आधार पर उन्होंने शंकर काता नामक व्यक्ति से संपर्क किया। आरोपी ने झांसे में लेकर रमाकांत तिवारी के बैंक खाते से 40 हजार रुपये और उनके पिता अशोक तिवारी के बैंक खाते से 50 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली।
